भारत, इंडिया, हिंदुस्तान, हिंदोस्तां या फिर भारत माता...किसी भी नाम से पुकारें लेकिन हर भारतवासी के मन में भाव यही गूंजता है, कि सारे जहां से अच्छा हिंदोस्तां हमारा...। मातृभूमि के प्रति तो हर नागरिक का ऐसा भाव होना लाजमी है, लेकिन भारत की कुछ विशेषताएं ऐसी भी हैं जो पूरी दुनिया में इसे सबसे अलग, आकर्षक और खूबसूरत बनाती हैं। जानिए ऐसी ही 5 विशेषताएं...जिन्हें जानने के बाद आप फिर कह उठेंगे, सारे जहां से अच्छा, हिंदोस्तां हमारा...

1 भारतीय संस्कृति - भारतीय संस्कृति के अनगिनत पहलू इसे और भी रंगबिरंगा, खनकदार और आकर्षक बनाते हैं, तभी तो पश्चिमी देशों के लोग इस मिट्टी की सौंधी महक लेने बड़ी संख्या में इधर का रूख करते हैं। इतना ही नहीं, इस मिट्टी के प्रेम के रंग में रंगकर कितनी ही विदेशी युवतियां यहीं बस जाने की चाह से भारतवासी होकर रह गईं। कभी योग ने दुनिया को अपनी ओर साधा, तो कभी आध्यात्म की परम शांति ने स्वत: ही दुनिया का ध्यान भारत की ओर खींचा। कभी अतिथि देवो भव की हमारी परंपरा और अपनत्व की भावना दुनिया के लिए मिसाल बनी, तो कभी कोई अकेलापन अनायास ही यहां के समृद्ध इतिहास की ओर खिंचता चला गया। यह संस्कृति पूरी दुनिया में कहीं नहीं।

