राजद विधायक पर जानलेवा हमला, बाल-बाल बचे
Publish: Sat, 3 Feb 2018 (11:36 IST)
Updated: Sat, 3 Feb 2018 (11:39 IST)
बेगूसराय। बिहार में बेगूसराय जिले के बखरी थाना के कुमहारसों गांव में अपराधियों ने शुक्रवार रात बखरी विधानसभा से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक उपेन्द्र पासवान पर जानलेवा हमला किया जिसमें वे बाल-बाल बच गए जबकि 2 अन्य घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को यहां बताया कि 2 मोटरसाइकल पर सवार 4 अपराधियों ने कुमहारसों गांव स्थित राजद विधायक उपेन्द्र पासवान के घर धावा बोला। इसके बाद अपराधियों ने उपेन्द्र पासवान पर गोलियां चलाईं। इस घटना में उपेन्द्र पासवान तो बाल-बाल बच गए लेकिन उनके साथ खड़े नवल किशोर मुखिया और संजीव महतो को गोली लग गई जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूत्रों ने बताया कि घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के कारणों का तत्काल पता नही चल सका है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। (वार्ता)