webdunia

Notifications

webdunia
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. काम की बात
  4. Many important changes will happen from September 1

आज से होंगे कई अहम बदलाव, जानिए आपकी जिंदगी और जेब पर क्या पड़ेगा असर?

September 1
नई दिल्ली। सितंबर की पहली तारीख से कुछ बदलाव होने जा रहे हैं। इनका आपकी जिंदगी और जेब दोनों ही पर असर होगा। पंजाब नेशनल बैंक ने केवाईसी को अनिवार्य कर दिया है, वहीं बीमा प्रीमियम में राहत मिलेगी।
1 सितंबर, गुरुवार से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के रेट बदल गए हैं। बैंक, बीमा व टोल के नियमों में भी होगा बदलाव, जो आपकी जेब पर प्रभाव डालेंगे।
 
पीएनबी में 31 तक केवाईसी अनिवार्य : पंजाब नेशनल बैंक ने अपने ग्राहकों को 31 अगस्त तक हर हाल में केवाईसी करवाने को कहा गया था। ऐसा नहीं करने वालों को 1 सितंबर से खाताधारक को दिक्‍कतों का सामना करना पड़ सकता है। इस संबंध में पीएनबी महीनेभर से ग्राहकों को संदेश भेजकर आगाह कर रहा था।
 
बीमा प्रीमियम घटेगा : बीमा नियामक ने बीमा नियमों में बदलाव किया है। इसके तहत अब एजेंट को 30 से 35 प्रतिशत के बजाय केवल 20 प्रतिशत ही कमीशन मिलेगा। इससे लोगों के प्रीमियम में कमी आएगी और उन्हें राहत मिलेगी। नई अधिसूचना जल्द लागू हो जाएगी।
 
LPG सिलेंडर की कीमतों में हुआ बदलाव : सितंबर के पहले दिन तेल कंपनियों ने कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 100 रुपए तक घटा दिए हैं, हालांकि 14.2 किलो वाला घरेलू एलपीजी सिलेंडर पुराने दामों पर ही मिल रहा है। 1 सितंबर से इंडेन का 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर दिल्ली में 91.5 रुपए, कोलकाता में 100 रुपए, मुंबई में 92.50 रुपए, चेन्नई में 96 रुपए सस्ता मिलेगा।
 
दिल्ली में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1976.50 की जगह 1885 रुपए होगी, वहीं कोलकाता में अब सिलेंडर के दाम घटकर 1995.5 रुपए हो गए। पहले यह 2095 रुपए थी। मुंबई में सिलेंडर की कीमत 1844 रुपए रह गई है। उल्लेखनीय है कि गैस कंपनियां हर महीने की 1 तारीख को गैस सिलेंडर के दाम तय करती हैं। इससे पहले अगस्त में भी सिलेंडर के दामों में 36 रुपए की कटौती की गई थी।
 
यमुना एक्सप्रेस-वे पर बढ़ा टोल का बोझ : आज से यमुना एक्सप्रेसवे (Yamuna Expressway) पर टोल टैक्स के नए रेट लागू हो गए। रात 12 बजे के बाद से नए रेट वसूले जा रहे थे। जेपी इंफ्राटेक ने टोल टैक्स के रेट में 170 रुपए तक की बढ़ोतरी की है। बीते 3 साल से कंपनी ने टोल टैक्स में कोई बढ़ोतरी नहीं की थी। आखिरी बार साल 2018 में रेट बढ़ाए गए थे। ग्रेटर नोएडा से आगरा तक 165 किलोमीटर लंबे यमुना एक्सप्रेसवे पर बने तीनों टोल के रेट बढ़ाए गए हैं। 3 तरह के वाहनों को नए रेट में छूट दी गई है।
 
गाजियाबाद में संपत्ति खरीदना होगा महंगा : दिल्ली से सटे गाजियाबाद में 1 सितंबर से घर, मकान और प्‍लॉट सहित सभी तरह की संपत्तियां खरीदना महंगा हो जाएगा। सरकार ने यहां का सर्किट रेट बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसमें 2 से 4 फीसदी तक की वृद्धि की गई है। नया सर्किल रेट 1 सितंबर 2022 से लागू हो जाएगा।
ये भी पढ़ें
सुशील मोदी का नीतीश कुमार पर तंज, इससे ज्यादा अपमान क्या होगा?