ईरान-अमेरिका युद्ध का असर: भारत में LPG सिलेंडर 60 रुपए महंगा, जानें दिल्ली-मुंबई समेत बड़े शहरों के नए दाम
LPG Price Hike India : ईरान अमेरिका युद्ध के बीच भारत में 14.2 किलो वाले घरेलू रसोई गैस के दाम 60 रुपए बढ़ गए हैं। दिल्ली में अब घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 853 से बढ़कर 913 रुपए हो गई है। वहीं कमर्शियल सिलेंडर 115 रुपए महंगा मिलेगा। यह बढ़ोतरी 7 मार्च से लागू हो गई है।
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 14.2 किलो वाले गैस सिलेंडर के दाम 852.50 से बढ़कर 912.50 रुपए प्रति सिलेंडर हो गए। कोलकाता में घरेलू रसोई गैस की कीमत 879 रुपए से बढ़कर 939 रुपए हो गई है, जबकि चेन्नई में गैस सिलेंडर के 928.50 रुपए चुकाने होंगे। अब तक इसके 868.50 रुपए चुकाने होते थे।
19 kg वाले कमर्शियल LPG गैस सिलेंडर की कीमत भी 115 रुपए बढ़ा दी गई है। दिल्ली में 19 kg वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की अब 1883 रुपए हो गई जबकि मुंबई में इसके 1835 रुपए लगेंगे। कोलकाता में कीमत 1875.50 रुपए से बढ़कर 1990 रुपए हो गई, जबकि चेन्नई में यह 1929 रुपए से बढ़कर 2043.50 रुपए हो गई।
क्यों बढ़े दाम
अमेरिका ईरान युद्ध के चलते 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' से तेल सप्लाय बुरी तरह प्रभावित हुई है। दुनिया के कुल पेट्रोलियम का 20% हिस्सा यहीं से गुजरता है। भारत भी अपनी जरूरत का 50% कच्चा तेल और 54% एलएनजी इसी रास्ते से मंगाता है। ईरान के ड्रोन हमले के बाद भारत को गैस सप्लाई करने वाले सबसे बड़े देश कतर ने अपने LNG प्लांट का प्रोडक्शन रोक दिया है। भारत अपनी जरूरत की 40% LNG कतर से ही आयात करता है।
एलपीजी रिफाइनरियों को प्रोडक्शन बढ़ाने का आदेश
इससे पहले सरकार ने सभी एलपीजी रिफाइनरियों को प्रोडक्शन बढ़ाने का आदेश दिया था। इनमें सरकारी और प्राइवेट दोनों रिफाइनरी शामिल हैं।
केंद्रीय मंत्री हरदीपसिंह पूरी ने भी सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा था कि हमारी प्राथमिकता अपने नागरिकों के लिए सस्ता और टिकाऊ फ्यूल की उपलब्धता सुनिश्चित करना है, और हम इसे आराम से कर रहे हैं। भारत में एनर्जी की कोई कमी नहीं है और हमारे एनर्जी कंज्यूमर्स के लिए चिंता की कोई बात नहीं है।
edited by : Nrapendra Gupta
edited by : Nrapendra Gupta