शटलर भगत, तरुण ने पैरा एशिया में दिलाया स्वर्ण
Publish: Sat, 13 Oct 2018 (18:52 IST)
Updated: Sat, 13 Oct 2018 (18:55 IST)
जकार्ता। भारतीय शटलर प्रमोद भगत ने बैडमिंटन की पुरुष एकल एसएल-3 और तरुण ने एसएल-4 स्पर्धा के फाइनल में अपने-अपने मुकाबले जीतकर इंडोनेशिया के जकार्ता में चल रहे पैरा एशिया खेलों में शनिवार को देश के लिए 2 स्वर्ण पदक जीत लिए।
ओडिशा के रहने वाले प्रमोद ने एसएल-3 स्पर्धा के फाइनल में इंडोनेशिया के रुकांदी उकुन को 21-19, 15-21, 21-14 से 3 गेमों के संघर्ष में हराकर स्वर्ण पदक जीता। भारतीय शटलर ने दूसरे गेम में पिछड़ने के बाद फिर से वापसी की और तीसरा गेम जीतकर चैंपियन बन गए, वहीं तरुण ने पुरुष एकल में एसएल-4 स्पर्धा के फाइनल में इंडोनेशिया के फ्रेडी सेतियावान को 10-21, 21-13, 21-19 से पराजित कर रोमांचक मुकाबले में स्वर्ण जीता।
इससे पहले बैडमिंटन की ही पुरुष युगल स्पर्धा के सेमीफाइनल में भारत के आनंद कुमार गौड़ा और नितेश कुमार की जोड़ी को कोरिया के सनवू जियोन तथा डोंगजाए जू के हाथों 16-21, 11-21 से हारकर कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। भारत के पैरा एशियाई खेलों में 15 स्वर्ण, 24 रजत और 33 कांस्य सहित कुल पदकों की संख्या 72 पहुंच गई है। (वार्ता)