webdunia

Select Your Language

Notifications

webdunia
  1. धर्म संसार
  2. सिंहस्थ 2016
  3. समाचार
  4. Simhastha 2016, Ujjain, Madhya Pradesh, Indian Railway

सिंहस्थ के लिए रेलवे चलाएगा तीन हजार गाड़ियां

Simhastha 2016
नई दिल्ली। रेलवे ने मध्यप्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ कुंभ में भाग लेने आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए करीब तीन हजार गाड़ियां चलाने की योजना बनाई है।
रेलवे बोर्ड के सदस्य (यातायात) मोहम्मद जमशेद ने सिंहस्थ के लिए रेलवे की तैयारियों का विवरण देते हुए बताया कि सिंहस्थ में पांच करोड़ तीर्थयात्रियों के आने का अनुमान लगाया गया है। 
 
रेलवे ने इसे देखते हुए भोपाल, गुना, रतलाम और नागदा से डेमू/मेमू तथा पारंपरिक गाड़ियों की 2910 सेवाएं देने की योजना बनाई है। यह संख्या 2004 में सिंहस्थ में उपलब्ध कराई गई 867 सेवाओं की तुलना में 233 प्रतिशत अधिक है।
                            
उन्होंने बताया कि इनके अलावा प्रतिदिन नियमित सेवाओं में 196 कोच अतिरिक्त लगाए जा रहे हैं। मेला अवधि के दौरान रोजाना 78 सेवाएं और शाही स्नान वाले दिनों में 150 सेवाएं दी जाएंगी।
                    
जमशेद ने बताया कि इनके अलावा रायगढ़, नांदेड़, गोरखपुर, सिकंदराबाद, पुरी, रीवा, बीकानेर, हावड़ा, जयनगर (बिहार) तथा हजरत निजामुद्दीन से लंबी दूरी की कुल 44 सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
 
उन्होंने बताया कि आपात स्थिति से निपटने के लिए उज्जैन स्टेशन पर 2 डेमू/मेमू गाड़ियों के रैक तथा एक पारंपरिक गाड़ी का रैक रखे गए हैं। यात्रियों का दबाव बढ़ने पर उन्हें न्यूनतम समय में चलाया जा सकेगा।
                        
उन्होंने बताया कि 120 लोको पायलट, 100 गार्ड, 173 मैकेनिकल स्टाफ, 47 स्टेशन मास्टर तथा निचले स्तर के 106 स्टाफ के साथ रेल सुरक्षा बल के 700 कर्मी अतिरिक्त तैनात किए गए हैं।
                        
उज्जैन स्टेशन पर यात्री सुरक्षा एवं सुविधा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। पूरे स्टेशन परिसर को 118 सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में लाया गया है। (भाषा)
ये भी पढ़ें
शिवराज ने 'महाकाल दर्शन' आम लोगों की तरह किए...