मौत का खेल, शराबी पहले जिंदा सांप से खेलता रहा फिर उसे निगल लिया
Publish Date: Wed, 12 Sep 2018 (13:28 IST)
Updated Date: Wed, 12 Sep 2018 (13:32 IST)
लखनऊ। यूपी के अमरोहा जिले में एक शराबी ने खुद मौत को न्योता दे दिया। दरअसल, इस व्यक्ति ने जिंदा सांप को निगल लिया जिससे इसकी मौत हो गई। सांप निगलते हुए उसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजपुरा थानांतर्गत 40 वर्षीय महिपाल नामक व्यक्ति ने शराब के नशे में जिंदा सांप को निगल लिया। सोशल मीडिया पर चल रहे वीडियो के मुताबिक पहले तो महिपाल काफी देर तक एक छोटे सांप को सड़क पर रखकर उससे खेलता रहा।
बताया जाता है कि इसी बीच वहां कुछ और लोग इकट्ठा हो गए और महिपाल को किसी ने उकसा दिया। उसने सांप को उठाकर मुंह में रख लिया और सांप उसके पेट में चला गया। जब उसकी तबीयत बिगड़ी और घरवालों को पता चला तो वे उसे सपेरे के पास भी ले गए, जहां उसकी झाड़फूंक करवाई गई।
बाद में उसे अस्पताल भी ले जाया गया, लेकिन चार घंटे के भीतर उसकी मौत हो गई। इस बीच, राजपुरा पुलिस वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है, साथ ही यह भी पता लगा रही कि महिपाल को आखिर किसने सांप मुंह में रखने के लिए उकसाया था। (फोटो : सोशल मीडिया)