भाजपा विधायक के बिगड़े बोल, सरकारी अधिकारियों से वेश्याएं अच्छी...
Published: Tue, 10 Mar 2026 (10:40 IST)
Updated: Tue, 10 Mar 2026 (10:49 IST)
लखनऊ। अपने विवादित बयानों के लिए मशहूर बलिया से भाजपा विधायक सुरेन्द्रसिंह ने एक बार फिर अपने बयान से विवाद खड़ा कर दिया है। इस बार उन्होंने सरकारी अधिकारियों की तुलना में वेश्याओं को ज्यादा अच्छा बताया है।
सिंह ने कहा कि अधिकारियों से अच्छा चरित्र तो वेश्याओं का होता है, जो पैसे लेकर काम तो करती हैं और स्टेज पर नाचती हैं। लेकिन, ये अधिकारी पैसा लेकर भी आपका काम करेंगे, इस बात की कोई गारंटी नहीं है। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को सलाह दी कि जो अधिकारी आपसे घूस मांगते हैं, उन्हें घूंसा मारो।
उल्लेखनीय है कि भाजपा विधायक सिंह आए दिन अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में बने रहते हैं। हाल ही में कैराना लोकसभा उपचुनाव में हुई भाजपा की हार के बाद उन्होंने राज्य की योगी सरकार पर निशाना साधा था।
इससे पहले भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर बलात्कार का आरोप लगने के बाद सुरेन्द्र सिंह ने कहा था कि तीन बच्चों की मां से कौन बलात्कार करेगा।
फोटो सौजन्य : टि्वटर