Published: Tue, 10 Mar 2026 (10:40 IST)Updated: Tue, 10 Mar 2026 (10:49 IST)
कानपुर। उत्तरप्रदेश की कानपुर पुलिस ने कल्याणपुर क्षेत्र से एटीएम कार्ड बदलकर उनके खातों से पैसा निकालने वाले गिरोह के 5 बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को यहां बताया कि मुखबिर की सूचना पर देर शाम कल्याणपुर इलाके से पुलिस ने बगिया क्रॉसिंग के पास बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम पर छापा मारकर मोटरसाइकलों पर सवार 5 बदमाशों सचेंडी के नयापुरवा निवासी आकाश सिंह, गनेशीपुरवा निवासी अमित और दीपक सिंह के अलावा गज्जापुरवा निवासी हरजीत सिंह और लक्ष्मणपुर देवली घाटमपुर निवासी विकास को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 18 एटीएम कार्ड और ढाई हजार की नकदी बरामद की गई। इसके अलावा उनके पास से ऑनलाइन खरीदे गए गहने और कपड़ों के बिल भी मिले।
उन्होंने बताया कि ये बदमाश मदद के बहाने लोगों के एटीएम कार्ड बदल देते थे और पिन नंबर देखकर उनके खातों से रकम निकाल लेते थे। पकड़े गए बदमाश सचेंडी थाने में दर्ज 2 मुकदमों में पहले भी जेल जा चुके हैं। (वार्ता)