विदेशों में इस साल भारतीय छात्रों पर हमले की 21 घटनाएं हुईं
Published: Tue, 10 Mar 2026 (10:40 IST)
Updated: Tue, 10 Mar 2026 (10:49 IST)
नई दिल्ली। सरकार ने बुधवार को बताया कि साल 2017 में दुनिया के अलग-अलग देशों में पढ़ रहे भारतीय छात्रों पर हमले की 21 घटनाएं हुईं। सबसे अधिक 9 घटनाएं पोलैंड से सामने आई हैं।
लोकसभा में अभिषेक सिंह के प्रश्न के लिखित उत्तर में विदेश राज्यमंत्री वीके सिंह ने यह जानकारी दी। सिंह ने विदेशों में भारतीय छात्रों पर हमले का जो आंकड़ा रखा, उसके मुताबिक 2017 में नवंबर तक ऐसी कुल 21 घटनाएं सामने आईं। इन आंकड़ों के अनुसार पौलैंड में 9, इटली में 3 और ऑस्ट्रेलिया में 2 घटनाएं हुईं। अमेरिका, फ्रांस, रूस, चेक गणराज्य, बुल्गारिया, बांग्लादेश और गुयाना में भारतीय छात्रों पर हमले की 1-1 घटनाएं सामने आई हैं।
सिंह ने कहा कि भारतीय छात्रों पर हमले की घटनाओं को रोकने के लिए त्वरित कदम उठाए गए हैं तथा उन देशों में भारतीय दूतावासों/ उच्चायोगों में भारतीय छात्र कल्याण अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जहां बड़ी संख्या में भारतीय छात्रों ने दाखिला ले रखा है। (भाषा)