Mon, 6 Apr 2026
webdunia

Notifications

webdunia
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. मध्यप्रदेश
  4. Voting in Chitrakut

चित्रकूट विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान जारी

Chitrakut
सतना। मध्यप्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट विधानसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार सुबह 8 बजे मतदान शुरू हो गया। मतदान शाम 5 बजे समाप्त हो जाएगा। मतगणना 12 नवंबर को होगी। यहां सत्तारूढ़ भाजपा और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर है।
 
आधिकारिक जानकारी के अनुसार चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में 257 मतदान केन्द्रों पर 1028 मतदानकर्मी तैनात किए गए हैं। मतदान के लिए उपयोग की जाने वाली 385 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के साथ 382 वीवीपैट (वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रैल) मशीन का उपयोग किया जा रहा है।
 
केन्द्रीय अर्ध सैनिक बल की नौ कम्पनी निर्वाचन क्षेत्र में सुरक्षा का जिम्मा सम्हाले हैं। इसके अलावा स्थानीय पुलिस बल भी क्षेत्र में तैनात है।
 
चित्रकूट के कांग्रेस विधायक प्रेम सिंह का इस वर्ष मई माह में निधन होने के चलते उपचुनाव हो रहा है। उपचुनाव में भाजपा के शंकरदयाल त्रिपाठी और कांग्रेस के नीलांशु चतुर्वेदी सहित निर्दलीय के रूप में महेश साहू, अवधबिहारी मिश्रा, दिनेश कुशवाह, देवमन सिंह (कानूनगो), प्रभात कुमारी सिंह, महेन्द्र कुमार मिश्रा, मोहम्मद रज़ा हुसैन, राधा, रितेश त्रिपाठी और शिवचरण भी अपना भाग्य आजमा रहे हैं।
 
उपचुनाव में एक लाख 98 हजार 122 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे, इनमें एक लाख छह हजार 390 पुरुष, 91 हजार 730 महिला और थर्ड जेंडर के दो मतदाता हैं। थर्ड जेंडर के मतदाता पहली बार इस वर्ग के तहत मतदान करेंगे।
 
भाजपा और कांग्रेस ने चित्रकूट में जीतने के लिए पूरा जोर लगा दिया है। भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री चौहान ने प्रचार के अंतिम दिनों में कई सभाएं और रोड शो किए। उनके साथ ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान सहित प्रदेश के अनेक मंत्री क्षेत्र में डेरा डाले रहे।
 
कांग्रेस की ओर से यहां पूर्व केंद्रीय मंत्रियों कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सभाएं कीं। ये सीट मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न है, इसलिए उन्होंने यहां काफी समय दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने भी यहां प्रचार किया। (वार्ता) 
ये भी पढ़ें
इसराइल यात्रा पर बवाल, ब्रिटिश मंत्री प्रीति पटेल का इस्तीफा