webdunia

Notifications

webdunia
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. मध्यप्रदेश
  4. Madhya Pradesh, assembly elections, Shivpuri, Kolaras

मध्यप्रदेश में कल विधानसभा की दो सीटों पर उपचुनाव

Madhya Pradesh
भोपाल। मध्यप्रदेश में कल शिवपुरी जिले के कोलारस और अशोकनगर जिले के मुंगावली विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव को सत्तापक्ष भाजपा और विपक्षी कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस उपचुनाव को दोनों दलों के बीच सेमीफायनल के तौर पर भी देखा जा रहा है क्योंकि इस साल के अंत में प्रदेश में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित है।


मुंगावली में कांग्रेस विधायक महेन्द्र सिंह कालूखेड़ा के निधन होने से और कोलारस में कांग्रेस के विधायक रामसिंह यादव के निधन होने से चुनाव कराने पड़ रहे है। मुंगावली उपचुनाव में कुल 13 उम्मीदवार मैदान में हैं जबकि मुख्य मुकाबला कांग्रेस के उम्मीदवार बृजेन्द्र सिंह यादव और भाजपा उम्मीदवार श्रीमती बाई साहब यादव के बीच है।

कोलारस में कुल 22 उम्मीदवार इस चुनावी समर में है और मुख्य मुकाबला कांग्रेस के महेन्द्र सिंह यादव और भाजपा के देवेन्द्र जैन के बीच है। एक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दोनों निर्वाचन क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

प्रदेश की मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सलीना सिंह ने कोलारस और मुंगावली क्षेत्र के मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि 24 फरवरी को निर्वाचन क्षेत्र में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। कोलारस निर्वाचन क्षेत्र में दो लाख 44 हजार 457 मतदाता जबकि मुंगावली में एक लाख 91 हजार 9 मतदाता हैं। (भाषा)