पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए देश एकजुट, बोले CM डॉ. मोहन यादव
आतंकी हमले में मारे गए इंदौर के सुशील के परिवार के प्रति जताई शोक संवेदना
Publish Date: Wed, 23 Apr 2025 (16:53 IST)
Updated Date: Wed, 23 Apr 2025 (17:00 IST)
भोपाल। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में इंदौर निवासी सुशील नथानियल भी मारे गए है। आतंकियों ने सुशील को गोली मारने से पहले उनका धर्म पूछा और कलमा पढ़ने को कहा। इसके बाद आतंकियों ने उन्हें गोली मार दी। वहीं आतंकियों की गोलीबारी में सुशील नथानियल की बेटी भी घायल हुई है। सुशील नथानियल के शव को श्रीनगर से इंदौर लाया जा रहा है। गौरतलब है कि सुशील नथानियल अलीराजपुर में एलआईसी कार्यालय में पदस्थ थे और अपने परिवार के साथ छुट्टियां मनाने श्रीनगर गए थे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले में इंदौर निवासी सुशील नथानियल की मौत पर दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं इंदौर जाकर सुशील नथानियल की पार्थिव देह पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और पीड़ित परिवार से मिलेंगे। इसके साथ मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हमले में घायल सुशील नथानियल की बेटी आकांक्षा की मदद के लिए हर स्तर पर प्रयास कर रही है। दुख की इस घड़ी में सरकार मृतक के परिवार के साथ है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित पूरा केंद्रीय नेतृत्व इस मामले पर पल-पल नजर रखे हुए हैं। कश्मीर में पर्यटकों पर हमला पाकिस्तान की कायराना हरकत है। यह घटनाक्रम पूरे देश पर वज्रपात के समान है। पाकिस्तान और उसके हिमायती दहशतगर्दों को इस हमले का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरा देश एकजुट है।