Thu, 2 Apr 2026
webdunia

Notifications

webdunia
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Rohit Sharma

रोहित शर्मा ने एमएस धोनी को पीछे छोड़ा

Rohit Sharma
नई दिल्ली। ओपनर रोहित शर्मा तीसरे वनडे में अपनी अर्धशतकीय पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी भी बन गए हैं और उन्होंने इस मामले में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ दिया है।
         
रोहित ने इंदौर के होलकर स्टेडियम में रविवार रात हुए तीसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 71 रन की पारी खेली थी। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके 1403 रन हो गए हैं और वह इस टीम के खिलाफ सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज़ बन गए हैं। उन्होंने यह स्कोर 26 पारियों में बनाए हैं। 
         
इस मामले में सबसे आगे मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर हैं, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सर्वाधिक 3077 रन बनाए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ियों की सूची में पूर्व कप्तान और अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज़ धोनी तीसरे नंबर पर हैं, जिनके नाम 40 पारियों में 41.93 के औसत से 1342 रन हैं। 
 
वहीं कप्तान विराट कोहली 26 पारियों में 1122 रन के साथ इस सूची में चौथे तथा पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अज़हरूद्दीन 990 रन पांचवें पायदान पर हैं। 
        
ओपनर रोहित का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 63.77 का औसत भी है जो इस टीम के खिलाफ औसतन 1000 रन से अधिक बनाने वाले ओवरऑल 29 बल्लेबाज़ों की सूची में सर्वाधिक है। उनके बाद एबी डीविलियर्स हैं, जिनका औसत 59.52 है।
               
तीसरे वनडे में रोहित (71) ने अजिंक्य रहाणे (70) के साथ पहले विकेट के लिए 139 रन की साझेदारी भी की थी जो भारत के पिछले 20 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में किसी जोड़ी की पहली शतकीय साझेदारी भी थी। इस सत्र में भारतीय टीम के लिए ओपनिंग विकेट की केवल एक 50 से अधिक रन की ही साझेदारी रही है।
                
आखिरी बार वर्ष 2014 में कटक में श्रीलंका के खिलाफ शिखर धवन और रहाणे की जोड़ी ने ओपनिंग विकेट के लिए 231 रन की शतकीय साझेदारी की थी। (वार्ता) 
ये भी पढ़ें
इस वर्ष का टीम रिकॉर्ड अस्वीकार्य : स्मिथ