सिद्धार्थ कौल ने कर दी यह गलती, लगी जमकर फटकार
Publish: Wed, 25 Apr 2018 (15:42 IST)
Updated: Wed, 25 Apr 2018 (15:46 IST)
मुंबई। सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज सिद्धार्थ कौल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मंगलवार को यहां खेले गए आईपीएल मैच के दौरान आचार संहिता के उल्लंघन के लिए फटकार लगाई गई। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस कम स्कोर वाले मैच में सनराइजर्स ने मुंबई को 31 रनों से हराया था।
बीसीसीआई की विज्ञप्ति के अनुसार कौल ने खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए आईपीएल आचार संहिता के 2.1.4 के अंतर्गत लेवल 1 का उल्लंघन करने का अपराध स्वीकार कर लिया है। आईपीएल आचार संहिता के लेवल 1 के उल्लंघन में मैच रैफरी का फैसला अंतिम और स्वीकार्य होता है।
कौल ने इस मैच में 23 रन देकर 3 विकेट लिए और 119 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही मुंबई की टीम को 87 रनों पर ढेर करने में अहम भूमिका निभाई। उन्हें पारी के 16वें ओवर में मयंक मार्कंडेय को पगबाधा आउट करने के बाद बल्लेबाज के सामने जोश में जश्न मनाने का दोषी पाया गया था। (भाषा)
Publish: Wed, 25 Apr 2018 (15:42 IST)
Updated: Wed, 25 Apr 2018 (15:46 IST)