• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. Guerrilla action on 11 big sweets-namkeen shops before Holi
Last Updated : Friday, 27 February 2026 (13:27 IST)

होली के पहले मिठाई- नमकीन की 11 बड़ी दुकानों पर छापामार कार्रवाई, 40 नमूने लिए, एक प्रतिष्‍ठान बंद कराया

Guerrilla action on 11 big sweets-namkeen shops before Holi
होली के त्‍योहार से पहले इंदौर में खाद्य और सुरक्षा विभाग ने दुकानों पर छापामार कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान नमकीन और मिठाई की दुकानों से खाद्य सामग्रियों के 40 नमूने लिए गए हैं। आशंका जताई जा रही थी कि खाद्य सामग्रियों में मिलावट हो रही है। नमूनों को जांच के लिए भेजा जा रहा है, गड़बड़ी मिलने पर विभाग द्वारा कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि इसके पहले भी इंदौर में नकली घी, मावा और पनीर जब्‍त किया जा चुका है।

बता दें कि खाद्य सुरक्षा विभाग ने 11 विभिन्न मिठाई और नमकीन प्रतिष्ठानों का अचानक निरीक्षण किया है। यहां से 40 से ज्‍यादा नमूने जांच के लिए हैं। वहीं, गंदगी के बीच खाद्य सामग्री बनाने पर मालवा मिल स्थित एक गृह उद्योग का कामकाज बंद करा दिया गया है।

होली के मद्देनजर कार्रवाई : बता दें कि त्‍योहार के आसपास लगातार मिलावट की खबरें आती हैं। अब विभाग ने इनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने कलेक्ट्रेट में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक बुलाई। इस बैठक में त्यौहार के दौरान खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए सघन जांच अभियान चलाने के कड़े निर्देश दिए गए। अधिकारियों को स्पष्ट किया गया है कि वे अधिक से अधिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करें और नमूने लें।

गंदगी मिलने पर बंद कराई दुकान : प्रशासन की टीम ने न्यू देवास रोड स्थित मालवा मिल क्षेत्र के ओवीके महिला गृह उद्योग पर अचानक छापा मारा। निरीक्षण के दौरान वहां मेथी बिस्किट, शकर पारा, मैदा फली और भाकरवाड़ी जैसे उत्पाद बनाए जा रहे थे। मौके पर मौजूद प्रोप्राइटर केतन जैन के सामने यह पाया गया कि निर्माण गंदगी के बीच हो रहा था। स्वास्थ्य के नियमों के उल्‍लंघन पर विभाग ने 5 नमूने लिए और स्थिति में सुधार होने तक कारखाने में उत्पादन कार्य तत्काल प्रभाव से बंद करवा दिया है।

इन प्रतिष्‍ठानों से ली सैंपलिंग : खाद्य विभाग ने बड़ी भमोरी स्थित श्री कृष्ण दूध दही भंडार से मिल्क केक और पेड़ा के नमूने लिए गए, जबकि श्री कृष्ण मिल्क एंड स्वीट्स से मावा और पनीर की जांच की गई। इसी तरह छोटी भमोरी में श्री द्वारकाधीश स्वीट्स और अंबिका स्वीट्स पर कार्रवाई करते हुए बेसन लड्डू, बर्फी और नमकीन के कुल 10 नमूने संकलित किए गए। भमोरी के पार्श्वनाथ स्वीट्स से भी मावा कतली और मिल्क केक के सैंपल लिए गए। नंदा नगर क्षेत्र में श्री श्याम ट्रेडिंग पर दालों के 5 नमूने और भेरुनाथ नमकीन से नमकीन के 4 नमूने लिए गए। पाटनीपुरा स्थित द्वारकाधीश दूध दही भंडार पर मावा और दही की शुद्धता जांची गई। वहीं मां उमिया मावा भंडार और महाराजा मिल्क सेंटर पर भी टीम पहुंची, जहां से गुलाब जामुन, घी और दही के नमूने लिए गए।
Edited By: Naveen R Rangiyal
ये भी पढ़ें
कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल का विधानसभा में शीर्षासन, हर्ष फायरिंग में FIR होने पर विरोध प्रदर्शन