webdunia

Notifications

webdunia
  1. लाइफ स्‍टाइल
  2. सेहत
  3. घरेलू नुस्खे
  4. coriander seed

सेहत के लिए फायदेमंद है धनिया, पढ़ें सरल उपाय...

coriander seed
सेहत की दृष्टि से सूखा साबुत धनिया बहुत लाभदायी है। धनिया का लेटिन नाम कोरिएंड्रम सातिवम है। यह शीतल और खुश्क प्रकृति होता है। यह कई रोगों को दूर करने में सक्षम है। नित्य एक चम्मच धनिया चबाना मुंह की दुर्गंध दूर करने का यह एक कारगर उपाय है। इसके साथ ही यह हमारे लिए कई तरह से फायदेमंद है, आइए जानें... 
 
जी घबराना (गर्भावस्था) : गर्भ धारण करने के दो-तीन महीने तक गर्भवती महिला को उल्टियां आती है। ऐसे में धनिया का काढ़ा बना कर एक कप काढ़े में एक चम्मच पिसी मिश्री मिला कर पीने से जी घबराना बंद होता है। 
 
पित्ती : शरीर में पित्ती की तकलीफ हो तो हरे धनिये के पत्तों का रस, शहद और रोगन गुल तीनों को मिला कर लेप करने से पित्ती की खुजली में तुरंत आराम होता है।
 
नेत्र रोग : आंखों के लिए धनिया बड़ा गुणकारी होता है। थोड़ा सा धनिया कूट कर पानी में उबाल कर ठंडा कर के, मोटे कपड़े से छान कर शीशी में भर लें। इसकी दो बूंद आंखों में टपकाने से आंखों में जलन, दर्द तथा पानी गिरना जैसी समस्याएं दूर होती हैं। 
 
नकसीर : हरा धनिया 20 ग्राम व चुटकी भर कपूर मिला कर पीस लें। सारा रस निचोड़ लें। इस रस की दो बूंद नाक में दोनों तरफ टपकाने से तथा रस को माथे पर लगा कर मलने से खून तुरंत बंद हो जाता है।