राहुल गांधी बोले, मतदान के दिन भाजपा को लगेगा करंट
Publish Date: Wed, 1 Nov 2017 (15:10 IST)
Updated Date: Wed, 1 Nov 2017 (15:13 IST)
भरूच। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को भरूच में एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी सरकार के साथ ही भाजपा पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा है कि मतदान के दिन भाजपा को करंट लगेगा।
रैली में राहुल ने कहा कि गुजरात का मॉडल उद्योगपतियों के लिए है गरीबों के लिए नहीं। उन्होंने कहा कि गरीबों से जमीन, बिजली, पानी लो और उद्योगपतियों को दो। यही मोदी जी का और विजय रुपाणी जी का गुजरात मॉडल है। इतना ही नहीं अस्पताल भी उद्योगपतियों के पास है। इलाज के लिए पैसे की जरूरत है। पैसा नहीं तो इलाज नहीं। यही गुजरात मॉडल है।
राहुल ने कहा कि जेब में अगर पैसा नहीं है तो आपका कैंसर या दिल की बिमारी का इलाज नहीं होगा और पैसे खत्म होने के बाद आपको अस्पताल से निकालकर बाहर फेंक दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आज गुजरात का हर समाज तकलीफ और गुस्से में है। यहां पानी की बड़ी समस्या है। यही हाल बिजली और जमीन का भी है।