Wed, 1 Apr 2026
webdunia

Notifications

webdunia
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. क्राइम
  4. Hathras gangrape

हाथरस में गैंगरेप के दौरान काट दी थी जुबान, दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल में मौत

Hathras gangrape
लखनऊ। हाथरस में सामूहिक दुष्कर्म की शिकार 19 वर्षीय दलित लड़की की मंगलवार सुबह दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में मौत हो गई। वारदात के दौरान लड़की का गला भी दबाया गया था जिससे उसकी जुबान बाहर आ गई थी और कट गई थी
 
हाथरस के पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने मंगलवार को कहा कि लड़की की आज सुबह दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में मौत हो गई। उन्होंने कहा कि इस घटना के सिलसिले में गिरफ्तारी के बाद जेल में बंद चारों आरोपियों के खिलाफ अब भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) भी जोड़ी जाएगी।
 
हाथरस जिले के चंदपा थाना क्षेत्र स्थित एक गांव में 14 सितंबर को 19 साल की एक दलित लड़की के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात हुई थी। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
 
पुलिस ने कहा कि पीड़िता को घटना के बाद अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, सोमवार सुबह उसकी हालत गंभीर होने के कारण इलाज के लिए उसे दिल्ली भेजा गया था। मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों के अनुसार लड़की जीवन रक्षक प्रणाली पर थी।
 
इससे पहले पुलिस अधीक्षक ने बताया कि था कि वारदात के दौरान लड़की का गला भी दबाया गया था जिससे उसकी जुबान बाहर आ गई थी और कट गई थी। लड़की की हालत काफी गंभीर थी इस कारण उसे अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था।
 
पुलिस अधीक्षक विक्रांतवीर के मुताबिक लड़की ने अपने साथ बलात्कार की वारदात के बारे में पुलिस को पहले कुछ नहीं बताया था मगर बाद में मजिस्ट्रेट को दिए गए बयान में उसने आरोप लगाया कि संदीप, रामू, लवकुश और रवि नामक युवकों ने उससे दुष्कर्म किया था। उन्होंने कहा कि वारदात के दौरान विरोध करने पर जान से मारने की कोशिश करते हुए उसका गला भी दबाया गया था।

प्रियंका ने साधा निशाना : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक लड़की के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार की घटना को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा और दावा किया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था हद से ज्यादा बिगड़ चुकी है व महिलाओं की सुरक्षा का नाम-ओ-निशान नहीं है। (भाषा)
ये भी पढ़ें
कोरोना का कहर: उपचुनाव वाले डबरा में एसडीएम की कोरोना से मौत