COVID-19 : मध्यप्रदेश में Corona संक्रमण के 2091 नए मामले, 9 और लोगों की मौत
Publish Date: Fri, 26 Mar 2021 (22:27 IST)
Updated Date: Fri, 26 Mar 2021 (22:32 IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश में शुक्रवार को कोरोनावायरस (Coronavirus) से संक्रमण के 2091 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही प्रदेश में अब तक कोविड-19 की चपेट में आने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 2,84,265 तक पहुंच गई। राज्य में पिछले 24 घंटों में संक्रमण से 9 और मरीजों की मौत हुई है, जिन्हें मिलाकार प्रदेश में अब तक इस बीमारी में कुल 3937 लोगों की जान गई है।
यह जानकारी मध्य प्रदेश स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में शुक्रवार को कोविड-19 के सबसे अधिक 612 नए मामले इंदौर में आए, जबकि भोपाल और जबलपुर में क्रमश: 425 व 156 और लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में कुल 2,84,265 संक्रमितों में से अब तक 2,68,290 मरीज स्वस्थ होकर घर चले गए हैं और 12,038 मरीजों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को 1048 रोगियों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।(भाषा)