• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Donald Trump
Written By
Last Modified: Sunday, 23 June 2019 (12:40 IST)

ट्रंप ने भेजा शानदार पत्र, खुश हो गए किम जोंग उन

Donald Trump
प्योंगयांग। उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक पत्र मिला है और उन्होंने इसकी सराहना की है। उत्तर कोरिया की समाचार एजेंसी केसीएनए ने रविवार को अपनी एक रिपोर्ट में बताया कि पत्र की विषयवस्तु बहुत अच्छी है जिसे किम और देश के सशस्त्र बलों ने सराहा है।
 
केसीएनए के अनुसार किम ने कहा कि वे पत्र में लिखी गईं गंभीर बातों पर गंभीरता से विचार करेंगे। उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के असाधारण साहस की भी सराहना की है। अमेरिका ने किम की इस सराहना का अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है।
 
गौरतलब है कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने किम से कहा था कि विश्व चाहता है कि वह अमेरिका के साथ परमाणु वार्ता में आगे बढ़ें। जिनपिंग ने गुरुवार को उत्तर कोरिया के दौरे के दौरान कहा था कि वे कोरियाई प्रायद्वीप के परमाणु निरस्त्रीकरण के लक्ष्य को प्राप्त करने में एक 'सकारात्मक और रचनात्मक' भूमिका निभाने को तैयार हैं।
 
जिनपिंग ने उत्तर कोरिया का दौरा जापान में होने वाले 'ग्रुप ऑफ 20' के शिखर सम्मेलन से इतर ट्रंप के साथ होने वाली बैठक से 1 सप्ताह पहले किया है। वर्तमान समय में अमेरिका और चीन के बीच चल रहे व्यापारिक युद्ध के बीच ट्रंप और जिनपिंग के बीच होने जा रही यह बैठक बहुत महत्वपूर्ण मानी जा रही है और चीन के साथ उत्तर कोरिया के मित्रतापूर्ण संबंध का असर भी इस पर पड़ सकता है। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
दिल्ली भाजपा प्रमुख मनोज तिवारी को जान से मारने की धमकी